मुंबई। बॉलीवुड फिल्मों और फिल्मी सितारों पर सवाल उठाने वाले, उन पर विवादित बयान देने वाले और हर बार अजीब रिव्यू देकर सुर्खियां बटोरने वाले फिल्म क्रिटिक कमाल आर खान (KRK) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वह किसी रिव्यू के कारण नहीं बल्कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद चर्चा में हैं। जी हां! केआरके को मलाड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विवादों में रहने वाले KRK के खिलाफ मलाड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई थी, जिसके बाद उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

विवादित ट्वीट बना मुसीबत 

जानकारी के अनुसार केआरके के खिलाफ कार्रवाई एक विवादित ट्वीट के चलते हुई है। मलाड पुलिस ने कमाल आर खान को एयरपोर्ट से डिटेन किया था। जिसके बाद पूछताछ की गई और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। आपको बता दें कि कमाल आर खान (KRK) आए दिन अपने ट्वीट के कारण चर्चा में आते हैं। कमाल ने 2020 में एक नामचीन व्यक्ति पर आपत्तिजनक ट्वीट किया था। जिसके बाद मलाड पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने जानकारी दी है कि किसी ने कमाल आर खान के ट्वीट के कारण पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।  जिसके बाद उनसे देश लौटने पर पूछताछ की गई फिर जरूरी समझा जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

दो साल बाद देश लौटे KRK 

पुलिस दो साल से कमाल को ढूंढ रही थी, लेकिन कमाल मुंबई में नही थे। सोमवार को जैसे ही कमाल एयरपोर्ट पर लैंड हुए, पुलिस को पता चला और एयरपोर्ट पर ही उन्हें डिटेन कर लिया गया। सारी औपचारिकता पूरी करके मंगलवार को कमाल आर खान को बोरीवली कोर्ट में पेश किया जाएगा।

सलमान और शाहरुख से ले चुके हैं पंगा 

आपको बता दें कि कमाल आर खान के दुश्मनों की लिस्ट काफी लंबी है। वह खुलेआम नाम लेकर बॉलीवुड के तमाम बड़े सितारों में निशाना साधते रहते हैं। वह अब तक शाहरुख, सलमान, आमिर, अजय देवगन और अक्षय कुमार सभी के बारे में तीखे बयान दे चुके हैं। इतना ही नहीं वह अनुराग कश्यप, भूषण कुमार और भी कई निर्माताओं को लेकर बुरा-भला बोल चुके हैं।